Top 70+ Digital Marketing Interview Questions and Answers in Hindi

क्या आप Digital Marketing में करियर बनाना चाहते हैं या किसी Digital Marketing executive की जॉब के इंटरव्यू की तैयारी कर रहे हैं? तो यह article आपके लिए ही है।

इंटरव्यू में सिर्फ definitions पूछकर नहीं छोड़ा जाता। आपसे यह भी पूछा जाता है कि आप असली situation में क्या करेंगे। इसलिए इस article में हमने basic सवालों के साथ SEO, Google Ads, Social Media, Email Marketing, Analytics और AI से जुड़े सवाल-जवाब दिए हैं, और अंत में कुछ scenario-based सवाल भी जोड़े हैं जो आजकल के interviews में खूब पूछे जाते हैं।

Digital Marketing Interview Questions and Answers in Hindi

Contents

Digital Marketing Interview Questions and Answers in Hindi

इस article में डिजिटल मार्केटिंग से जुड़े कई सारे सवालों को शामिल किया गया है और उन्हे नीचे अलग-अलग categories में रखा गया है जो की इस प्रकार हैं:

  1. Digital Marketing Basics (Q1-12)
  2. SEO से जुड़े सवाल (Q13-22)
  3. SEM और Paid Marketing (Q23-33)
  4. Social Media Marketing (Q34-42)
  5. Content और Email Marketing (Q43-51)
  6. Affiliate और दूसरे Channels (Q52-56)
  7. Analytics और Metrics (Q57-66)
  8. AI और Modern Digital Marketing (Q67-72)
  9. Scenario-Based सवाल (Q73-77)
  10. Interview में जवाब देने की Tips

1. Digital Marketing Basics

1. Digital Marketing क्या है?

Digital Marketing का मतलब है इन्टरनेट और डिजिटल devices (मोबाइल, कंप्यूटर आदि) की मदद से किसी product, service या brand का प्रचार करना। इसमें search engines, social media, email, websites और mobile apps जैसे कई channels का उपयोग होता है।

2. Traditional Marketing और Digital Marketing में क्या अंतर है?

बिंदुTraditional MarketingDigital Marketing
MediumTV, रेडियो, अखबार, होर्डिंगवेबसाइट, सोशल मीडिया, ईमेल, सर्च इंजन
Targetingसीमित, बड़ी audience को एक साथसटीक (उम्र, रुचि, लोकेशन के आधार पर)
Costआमतौर पर ज्यादाकम बजट से भी शुरू कर सकते हैं
Results ट्रैक करनामुश्किलआसान और real-time
Interactionएकतरफा (one-way)दोतरफा (comments, shares, reviews)

3. Digital Marketing के मुख्य प्रकार (channels) कौन-कौन से हैं?

  • SEO (Search Engine Optimization)
  • SEM / PPC (Paid Search Advertising)
  • Social Media Marketing
  • Content Marketing
  • Email Marketing
  • Affiliate Marketing
  • Influencer Marketing
  • Video Marketing (YouTube आदि)
  • Mobile Marketing (SMS, WhatsApp, in-app ads)

4. Digital Marketing क्यों जरूरी है?

आज ज्यादातर लोग किसी भी product को खरीदने से पहले उसके बारे में ऑनलाइन search करते हैं, reviews पढ़ते हैं और तब फैसला लेते हैं। इसलिए जो business ऑनलाइन मौजूद नहीं है, वह अपने customers तक पहुंच ही नहीं पाता। Digital marketing से कम खर्च में सही audience तक पहुंचा जा सकता है और हर campaign का result भी नापा जा सकता है।

5. Marketing Funnel क्या है?

Marketing funnel वह process है जिससे गुजरकर कोई अनजान व्यक्ति आपका customer बनता है। इसके तीन मुख्य stages होते हैं:

  • TOFU (Top of Funnel) – Awareness: व्यक्ति को आपके brand के बारे में पता चलता है (blog, social media, ads)
  • MOFU (Middle of Funnel) – Consideration: वह आपके और दूसरे options की तुलना करता है (case studies, webinars, email)
  • BOFU (Bottom of Funnel) – Decision: वह खरीदने का फैसला करता है (discount, free trial, demo)

6. AIDA Model क्या है?

AIDA एक पुराना लेकिन उपयोगी marketing model है, जो बताता है कि ग्राहक किन चरणों से गुजरता है:

  • Attention: ध्यान खींचना
  • Interest: रुचि जगाना
  • Desire: खरीदने की इच्छा पैदा करना
  • Action: खरीदारी या sign-up जैसा action करवाना

7. Target Audience क्या है?

लोगों का वह खास समूह जिसके लिए आपका product या service बनाई गई है और जिन्हें आप अपनी marketing से टारगेट करते हैं। इसे उम्र, लिंग, लोकेशन, आय और रुचि जैसी चीजों के आधार पर तय किया जाता है।

8. Buyer Persona क्या है?

Buyer persona आपके आदर्श ग्राहक का एक काल्पनिक (fictional) लेकिन research पर आधारित profile होता है, जिसमें उसकी उम्र, पेशा, समस्याएं, जरूरतें और खरीदने की आदतें लिखी जाती हैं। इससे marketing message को सही व्यक्ति के हिसाब से बनाना आसान होता है।

9. USP (Unique Selling Proposition) क्या है?

USP वह खास बात है जो आपके product या brand को competitors से अलग बनाती है और ग्राहक को आपको चुनने की वजह देती है। जैसे सबसे सस्ता दाम, सबसे तेज़ delivery या कोई अनोखा feature।

10. B2B और B2C Marketing में क्या अंतर है?

B2B (Business to Business) में एक कंपनी दूसरी कंपनी को अपना product बेचती है, इसमें फैसला लेने में समय लगता है और LinkedIn, email और content marketing ज्यादा काम आते हैं। B2C (Business to Consumer) में कंपनी सीधे आम ग्राहक को बेचती है, फैसला जल्दी होता है और Instagram, YouTube, Facebook जैसे social platforms ज्यादा असरदार रहते हैं।

11. Inbound और Outbound Marketing में क्या अंतर है?

Inbound marketing में आप उपयोगी content (blog, video, ebook) बनाकर ग्राहकों को अपनी तरफ खींचते हैं, यानी ग्राहक खुद आपके पास आता है। Outbound marketing में आप सीधे ग्राहक तक पहुंचते हैं, जैसे cold calling, cold email और विज्ञापन।

12. Lead Generation क्या है?

संभावित ग्राहकों (leads) की जानकारी, जैसे नाम, ईमेल या फोन नंबर, इकट्ठा करने की प्रक्रिया को lead generation कहते हैं। इसके लिए landing pages, free ebooks, webinars और contact forms का उपयोग किया जाता है।


2. SEO से जुड़े सवाल

13. SEO क्या है?

SEO का full form Search Engine Optimization है। इसमें website को इस तरह optimize किया जाता है कि वह Google जैसे search engines के results में ऊपर दिखे और बिना पैसे दिए organic traffic मिले। विस्तार से पढ़ें: SEO क्या है? कैसे काम करता है?

14. On-Page SEO और Off-Page SEO में क्या अंतर है?

On-Page SEO में हम अपनी website के अंदर की चीजें सुधारते हैं, जैसे title, meta description, headings, content, keywords और internal links। Off-Page SEO में website के बाहर की चीजों पर काम होता है, जैसे backlinks बनाना और social media पर प्रचार।

पढ़ें: On-Page SEO क्या है? और Off-Page SEO क्या है?

15. Keyword क्या है और Keyword Research कैसे करते हैं?

लोग search engine में जो शब्द या वाक्य टाइप करके खोजते हैं, उन्हें keyword कहते हैं। Keyword research में हम ऐसे keywords ढूंढते हैं जिनकी search volume अच्छी हो और competition कम हो। इसके लिए Google Keyword Planner, Ahrefs, SEMrush और Ubersuggest जैसे tools काम आते हैं। पढ़ें: Keyword क्या है?

16. Backlink क्या है और यह क्यों जरूरी है?

जब कोई दूसरी website आपकी website का link अपने page पर लगाती है तो उसे backlink कहते हैं। Google इसे एक तरह का “वोट” मानता है, इसलिए अच्छी और भरोसेमंद websites से मिले backlinks आपकी ranking सुधारते हैं। ध्यान रहे, quantity से ज्यादा quality मायने रखती है।

17. White Hat और Black Hat SEO में क्या अंतर है?

White Hat SEO में Google के नियमों के अनुसार काम किया जाता है, जैसे अच्छा content और natural backlinks। Black Hat SEO में नियमों को तोड़कर जल्दी ranking पाने की कोशिश होती है, जैसे keyword stuffing, cloaking और खरीदे हुए spammy links। इससे website पर Google की penalty लग सकती है।

18. Google Search Console क्या है?

यह Google का free tool है जिससे आप देख सकते हैं कि आपकी website Google search में कैसा परफॉर्म कर रही है: कौन से keywords पर impressions और clicks मिल रहे हैं, कौन से pages index हुए हैं और कहीं कोई technical error तो नहीं है।

19. Core Web Vitals क्या हैं?

Core Web Vitals Google के तीन मुख्य user-experience metrics हैं:

  • LCP (Largest Contentful Paint): पेज का मुख्य content कितनी जल्दी लोड होता है
  • INP (Interaction to Next Paint): click या tap पर पेज कितनी जल्दी जवाब देता है
  • CLS (Cumulative Layout Shift): लोड होते समय पेज के elements कितना हिलते हैं

20. Local SEO क्या है?

Local SEO में business को किसी खास शहर या इलाके के लोगों के लिए optimize किया जाता है, ताकि “near me” जैसी searches में वह दिखे। इसके लिए Google Business Profile बनाना, सही address और phone number डालना और local reviews पाना जरूरी है।

21. Featured Snippet क्या है?

Search results में सबसे ऊपर एक box में दिखने वाला छोटा सा जवाब Featured Snippet कहलाता है। इसमें पाने के लिए content को सवाल-जवाब, list या table के format में साफ तरीके से लिखना मदद करता है।

22. SEO से results मिलने में कितना समय लगता है?

यह competition, website की age और content की quality पर निर्भर करता है। आमतौर पर नई website को अच्छे results दिखने में कुछ महीने लग जाते हैं। इसलिए SEO को लंबी दौड़ माना जाता है, तुरंत results चाहिए तो paid ads बेहतर हैं। SEO के तरीके जानने के लिए पढ़ें: SEO कैसे करें?

SEO के और सवाल-जवाब के लिए यह भी देखें: SEO Interview Questions in Hindi


3. SEM और Paid Marketing

23. SEM क्या है?

SEM (Search Engine Marketing) में पैसे देकर search engine के results में अपने ads दिखाए जाते हैं। इसमें SEO और paid ads दोनों को मिलाकर search से traffic लाने की बात होती है, पर आमतौर पर SEM का मतलब paid search advertising ही माना जाता है।

24. PPC क्या है?

PPC का full form Pay Per Click है। इसमें advertiser को तभी पैसा देना पड़ता है जब कोई उसके ad पर click करता है, सिर्फ ad दिखने पर नहीं।

25. Google Ads क्या है?

Google Ads Google का advertising platform है जिससे आप Google Search, YouTube, Display Network (दूसरी websites और apps) और Maps जैसी जगहों पर अपने ads चला सकते हैं। इसमें आप budget, audience और location खुद तय करते हैं।

26. CPC, CPM और CPA में क्या अंतर है?

Termपूरा नाममतलब
CPCCost Per Clickहर click पर लगने वाला खर्च
CPMCost Per Millead को 1000 बार दिखाने का खर्च
CPACost Per Acquisition/Actionहर sale, sign-up या lead पर लगने वाला खर्च

27. Quality Score क्या है?

Quality Score Google द्वारा आपके ad और keyword की quality का 1 से 10 के बीच दिया गया score है। यह मुख्य रूप से तीन चीजों पर निर्भर करता है: expected CTR, ad की relevance और landing page का experience। ज्यादा Quality Score होने पर कम खर्च में बेहतर ad position मिल सकती है।

28. Ad Rank क्या है?

Ad Rank तय करता है कि आपका ad किस position पर दिखेगा। यह आपकी bid, ad की quality, landing page experience और ad extensions (assets) जैसी चीजों पर निर्भर करता है। यानी सिर्फ ज्यादा पैसा लगाने से ही ऊपर नहीं आ सकते।

29. Keyword Match Types कौन से हैं?

  • Broad Match: keyword से मिलते-जुलते कई तरह के searches पर ad दिख सकता है
  • Phrase Match: जब search में आपका phrase और उसका मतलब शामिल हो
  • Exact Match: सबसे सटीक, जब search आपके keyword के मतलब से लगभग पूरी तरह मेल खाए

30. Negative Keywords क्या हैं?

ये ऐसे keywords हैं जिन पर आप अपना ad नहीं दिखाना चाहते। जैसे अगर आप महंगी घड़ियां बेचते हैं तो “free” या “सस्ती” को negative keyword बना सकते हैं, ताकि गलत लोगों के clicks पर पैसा बर्बाद न हो।

31. Remarketing (Retargeting) क्या है?

जो लोग पहले आपकी website पर आ चुके हैं या आपका product देख चुके हैं पर खरीदा नहीं, उन्हें दोबारा ads दिखाना remarketing कहलाता है। ऐसे लोग पहले से आपके brand को जानते हैं, इसलिए convert होने की संभावना ज्यादा रहती है।

32. Search Ads और Display Ads में क्या अंतर है?

Search ads में लोग किसी चीज को खोज रहे होते हैं और उसी समय text ad दिखता है, इसलिए खरीदने की मंशा (intent) ज्यादा होती है। Display ads दूसरी websites और apps पर banner या image के रूप में दिखते हैं, ये awareness बढ़ाने के लिए बेहतर हैं।

33. Performance Max (PMax) campaign क्या है?

यह Google Ads का एक campaign type है जो AI की मदद से आपके ads को Google के कई channels (Search, YouTube, Display, Discover, Gmail, Maps) पर एक साथ चलाता है। आप goal, budget और creatives (text, image, video) देते हैं और बाकी optimization Google का system करता है।


4. Social Media Marketing

34. Social Media Marketing (SMM) क्या है?

Facebook, Instagram, LinkedIn, X (Twitter), YouTube जैसे platforms पर content और ads के जरिए brand का प्रचार करना, audience से जुड़ना और traffic या sales लाना Social Media Marketing कहलाता है।

35. Organic और Paid Social Media में क्या अंतर है?

Organic में आप बिना पैसे खर्च किए posts, reels और stories डालकर audience तक पहुंचते हैं, इसमें समय लगता है। Paid में आप ads चलाकर तुरंत और सटीक audience तक पहुंच सकते हैं।

36. B2B के लिए सबसे अच्छा Social Media Platform कौन सा है?

आमतौर पर LinkedIn को B2B के लिए सबसे अच्छा माना जाता है, क्योंकि यहां professionals और decision-makers मौजूद होते हैं। B2C के लिए Instagram, Facebook और YouTube ज्यादा असरदार रहते हैं।

37. Engagement Rate क्या है?

यह बताता है कि आपकी audience आपके content से कितना जुड़ रही है। इसमें likes, comments, shares और saves गिने जाते हैं। इसे आमतौर पर इस तरह निकालते हैं: (कुल engagements ÷ reach या followers) × 100।

38. Hashtags का क्या उपयोग है?

Hashtags से आपका content किसी topic से जुड़ जाता है और उस topic को खोजने वाले लोग उसे आसानी से ढूंढ पाते हैं। ध्यान रहे, बहुत ज्यादा या बेकार hashtags लगाने से फायदा नहीं होता, कुछ relevant hashtags ही बेहतर हैं।

39. Influencer Marketing क्या है?

इसमें किसी popular व्यक्ति (influencer) के जरिए अपने product का प्रचार करवाया जाता है, क्योंकि उसके followers उस पर भरोसा करते हैं। छोटे niche वाले micro-influencers अक्सर कम खर्च में अच्छा engagement देते हैं।

40. Content Calendar क्या है?

Content calendar एक schedule होता है जिसमें पहले से तय किया जाता है कि किस दिन, किस platform पर, कौन सा content पोस्ट होगा। इससे posting नियमित रहती है और आखिरी समय की भागदौड़ से बचा जा सकता है।

41. Meta Pixel क्या है?

Meta Pixel (पहले Facebook Pixel) एक tracking code है जिसे website पर लगाया जाता है। यह बताता है कि Facebook/Instagram ads देखने के बाद लोगों ने website पर क्या किया (जैसे खरीदारी), और इसी data से remarketing audience भी बनाई जाती है।

42. Social Listening क्या है?

Social listening में आप social media पर अपने brand, competitors या किसी topic के बारे में हो रही बातचीत पर नजर रखते हैं। इससे ग्राहकों की राय, शिकायतें और नए trends समझने में मदद मिलती है।


5. Content और Email Marketing

43. Content Marketing क्या है?

इसमें लोगों के लिए उपयोगी और दिलचस्प content (blog, video, infographic, ebook, podcast) बनाकर उन्हें अपनी तरफ आकर्षित किया जाता है और धीरे-धीरे भरोसा बनाकर customer में बदला जाता है। इसका मकसद सीधे बेचना नहीं, पहले मदद करना होता है।

44. Evergreen Content क्या है?

ऐसा content जो समय बीतने पर भी उपयोगी बना रहता है और लंबे समय तक traffic लाता है, जैसे “SEO क्या है?” जैसे बुनियादी topics। इसके उलट trending या news-based content जल्दी पुराना हो जाता है।

45. Blogging का Digital Marketing में क्या रोल है?

Blog से website पर organic traffic आता है, keywords पर ranking बनती है, audience का भरोसा बनता है और leads मिलते हैं। साथ ही blog का content social media और email में भी दोबारा उपयोग किया जा सकता है। पढ़ें: ब्लॉग क्या है?

46. Email Marketing क्या है?

Email के जरिए subscribers को newsletters, offers, updates और personalized messages भेजना email marketing है। यह सबसे ज्यादा ROI देने वाले channels में गिना जाता है, क्योंकि आप सीधे अपनी list से बात करते हैं।

47. Email Marketing के मुख्य Metrics कौन से हैं?

  • Open Rate: कितने लोगों ने email खोला
  • Click-Through Rate (CTR): कितने लोगों ने email के अंदर link पर click किया
  • Bounce Rate: कितने emails delivery में fail हुए
  • Unsubscribe Rate: कितने लोगों ने list छोड़ दी
  • Conversion Rate: कितने लोगों ने वांछित action किया

48. Emails को Spam folder में जाने से कैसे बचाएं?

  • सिर्फ उन्हीं को email भेजें जिन्होंने सहमति (opt-in) दी हो
  • साफ और ईमानदार subject line रखें
  • Unsubscribe का आसान option दें
  • खरीदी हुई email list का उपयोग न करें
  • Sender domain को सही तरीके से authenticate करें (SPF, DKIM)

49. A/B Testing क्या है?

इसमें किसी चीज के दो versions (A और B) बनाकर अलग-अलग लोगों को दिखाए जाते हैं, और देखा जाता है कि कौन सा बेहतर परफॉर्म करता है। यह email subject, ad copy, landing page या button के color जैसी चीजों पर किया जा सकता है। एक बार में एक ही चीज बदलनी चाहिए।

50. Landing Page क्या है?

Landing page एक अलग page होता है जिसे किसी एक खास मकसद (जैसे sign-up या खरीदारी) के लिए बनाया जाता है। इसमें distractions कम रखे जाते हैं और ध्यान एक ही action पर रहता है, इसलिए यह ads से आने वाले traffic को convert करने में मदद करता है।

51. CTA (Call to Action) क्या है?

CTA एक संदेश या बटन होता है जो यूजर को कोई खास action करने के लिए कहता है, जैसे “अभी खरीदें”, “Free में Sign Up करें” या “Download करें”। अच्छा CTA साफ, छोटा और action वाला होना चाहिए।


6. Affiliate और दूसरे Channels

52. Affiliate Marketing क्या है?

इसमें आप किसी company के product का प्रचार करते हैं और आपके खास link से जब कोई खरीदारी करता है तो आपको commission मिलता है। Company को सिर्फ result (sale) पर पैसा देना पड़ता है, इसलिए यह performance-based model है।

53. Video Marketing क्या है?

YouTube, Instagram Reels और दूसरे platforms पर video content के जरिए प्रचार करना video marketing है। Video से जटिल चीजें आसानी से समझाई जा सकती हैं और यह engagement भी ज्यादा लाता है।

54. Mobile Marketing में क्या-क्या आता है?

मोबाइल यूजर्स तक पहुंचने के सारे तरीके, जैसे SMS marketing, WhatsApp marketing, push notifications, in-app ads और mobile-friendly websites। भारत जैसे देश में ज्यादातर लोग मोबाइल पर ही इन्टरनेट इस्तेमाल करते हैं, इसलिए यह बहुत जरूरी है।

55. Native Advertising क्या है?

ऐसे ads जो उस platform के content की तरह ही दिखते हैं जिस पर वे चल रहे हैं, इसलिए वे कम रुकावट वाले लगते हैं। जैसे किसी news website पर sponsored article।

56. Google AdSense क्या है?

AdSense Google का program है जिसमें website या blog का मालिक अपनी साइट पर Google के ads दिखाकर कमाई करता है। यह publisher की तरफ का मॉडल है, जबकि Google Ads advertiser की तरफ का है। पढ़ें: Google AdSense क्या है?


7. Analytics और Metrics

57. Google Analytics क्या है?

Google Analytics एक free tool है जो बताता है कि आपकी website पर कितने लोग आ रहे हैं, कहां से आ रहे हैं, कौन से pages देख रहे हैं और क्या actions कर रहे हैं। इससे marketing के फैसले data के आधार पर लिए जा सकते हैं।

58. GA4 और पुराने Universal Analytics में क्या अंतर है?

Universal Analytics (UA) session और pageview पर आधारित था। GA4 (Google Analytics 4) event-based है, यानी हर interaction (click, scroll, video play) एक event माना जाता है, और यह website व app दोनों को साथ ट्रैक कर सकता है। UA ने जुलाई 2023 में नया data process करना बंद कर दिया था, इसलिए अब GA4 ही standard है।

59. Bounce Rate क्या है?

वे visitors जो आपकी website पर आकर बिना कुछ किए या दूसरा page देखे चले जाते हैं। ज्यादा bounce rate का मतलब हो सकता है कि content या landing page यूजर की उम्मीद से मेल नहीं खा रहा। (GA4 में इसकी जगह “engagement rate” ज्यादा उपयोग होती है।)

60. Conversion और Conversion Rate क्या है?

Conversion का मतलब है यूजर का वह वांछित action करना जो आप चाहते हैं (खरीदारी, form भरना, sign-up)। Conversion Rate = (conversions ÷ कुल visitors) × 100।

61. KPI क्या है?

KPI (Key Performance Indicator) वे मुख्य आंकड़े हैं जिनसे आप अपने campaign की सफलता नापते हैं। जैसे SEO के लिए organic traffic, ads के लिए CPA, email के लिए open rate। KPI हमेशा लक्ष्य (goal) से जुड़े होने चाहिए।

62. ROI और ROAS में क्या अंतर है?

ROI (Return on Investment) पूरे खर्च के मुकाबले मुनाफे को नापता है: (मुनाफा ÷ कुल खर्च) × 100। ROAS (Return on Ad Spend) सिर्फ ad खर्च के मुकाबले ad से आई कमाई को नापता है: ad से हुई कुल आय ÷ ad पर खर्च। ROAS ads की performance देखने के लिए है, ROI पूरे business के मुनाफे के लिए।

63. CAC और LTV क्या हैं?

CAC (Customer Acquisition Cost) एक नया ग्राहक जोड़ने पर लगने वाला औसत खर्च है। LTV (Lifetime Value) वह कुल कमाई है जो एक ग्राहक अपनी पूरी अवधि में आपको देता है। LTV, CAC से काफी ज्यादा होना चाहिए, तभी business फायदे में रहता है।

64. UTM Parameters क्या हैं?

UTM parameters URL के अंत में जोड़े जाने वाले tags हैं (जैसे utm_source, utm_medium, utm_campaign) जिनसे Analytics में पता चलता है कि traffic किस campaign या source से आया। इससे अलग-अलग campaigns की तुलना करना आसान होता है।

65. Attribution Model क्या है?

Attribution model तय करता है कि किसी conversion का श्रेय (credit) customer के सफर में आए अलग-अलग touchpoints को कैसे दिया जाए। जैसे Last Click में आखिरी click को पूरा credit मिलता है, First Click में पहले को, और Data-driven model में data के आधार पर सबको हिस्सा बांटा जाता है।

66. Impressions, Reach और Clicks में क्या अंतर है?

Impressions: आपका content या ad कुल कितनी बार दिखा (एक व्यक्ति को कई बार भी गिना जा सकता है)। Reach: कितने अलग-अलग लोगों तक पहुंचा। Clicks: कितनी बार लोगों ने उस पर क्लिक किया।


8. AI और Modern Digital Marketing

67. Digital Marketing में AI का उपयोग कैसे होता है?

AI का उपयोग content ideas और drafts बनाने, keyword research, ad copy के variations बनाने, customer data का विश्लेषण करने, chatbots और personalization में होता है। ध्यान रहे, AI से बना content बिना जांचे-परखे डालने के बजाय उसमें अपना अनुभव और सही जानकारी जोड़नी चाहिए।

68. Google AI Overview का SEO पर क्या असर पड़ता है?

AI Overview में Google कई सवालों का सीधा जवाब खुद ही search results के ऊपर दिखा देता है, इसलिए कई बार लोग websites पर click किए बिना ही संतुष्ट हो जाते हैं। इससे ऐसे simple “X क्या है” वाले queries पर clicks कम हो सकते हैं। इसलिए अब ऐसे content पर जोर दिया जाता है जिसमें अपना अनुभव, असली examples और अनोखी जानकारी हो।

69. GEO (Generative Engine Optimization) क्या है?

GEO में content को इस तरह तैयार किया जाता है कि वह ChatGPT, Perplexity और Google AI जैसे AI tools के जवाबों में cite या mention हो सके। इसमें साफ structure, भरोसेमंद जानकारी, सही schema markup और brand की मजबूत पहचान मदद करती है।

70. Marketing Automation क्या है?

Software की मदद से बार-बार होने वाले marketing कामों को अपने-आप चलाना, जैसे नए subscriber को welcome email भेजना, abandoned cart reminder भेजना या leads को score करना। इससे समय बचता है और हर customer को सही समय पर सही message मिलता है।

71. Personalization क्या है और क्यों जरूरी है?

हर यूजर को उसकी रुचि, पिछली खरीदारी और व्यवहार के आधार पर अलग content या offer दिखाना personalization है। जैसे “आपके लिए सुझाव” या नाम लेकर email भेजना। इससे engagement और conversion दोनों बढ़ते हैं।

72. First-Party Data क्यों जरूरी होता जा रहा है?

First-party data वह जानकारी है जो आप सीधे अपने ग्राहकों से इकट्ठा करते हैं (email, खरीदारी का रिकॉर्ड, website पर व्यवहार)। Privacy कानूनों और browsers के बदलते नियमों की वजह से दूसरों के data पर निर्भर रहना मुश्किल होता जा रहा है, इसलिए अपना data बनाना और उसका उपयोग यूजर की सहमति (consent) से करना जरूरी है।


9. Scenario-Based सवाल

इन सवालों का कोई एक “सही” जवाब नहीं होता, interviewer आपकी सोचने की प्रक्रिया देखता है। नीचे हर सवाल के साथ एक अच्छे जवाब का तरीका दिया है।

73. अगर आपकी website का organic traffic अचानक गिर जाए तो आप क्या करेंगे?

  1. पहले Google Search Console देखें: impressions गिरे हैं या सिर्फ clicks, कोई manual action या indexing error तो नहीं
  2. जांचें कि कहीं हाल ही में Google का कोई algorithm update तो नहीं आया
  3. Technical issues देखें: साइट डाउन, robots.txt या noindex की गलती, लोडिंग स्पीड
  4. जिन pages का traffic गिरा, उनकी ranking और competitors के content से तुलना करें
  5. Content को update करें, internal links बढ़ाएं और जरूरत हो तो नए backlinks पर काम करें

74. आपके पास बहुत कम बजट है, तो नई company की marketing कैसे शुरू करेंगे?

कम बजट में सबसे पहले ऐसे free या सस्ते channels पर ध्यान दें: SEO और blogging, social media पर organic content, Google Business Profile, email list बनाना और WhatsApp। थोड़ा बजट हो तो सिर्फ एक या दो ad campaigns छोटे स्तर पर चलाएं, results देखें और जो काम करे उसी पर पैसा बढ़ाएं।

75. एक नए product को launch करने की digital marketing strategy कैसे बनाएंगे?

सबसे पहले target audience और उनकी समस्या समझें। फिर launch से पहले teaser content और waiting list बनाएं, launch के समय social media, email और paid ads साथ चलाएं, influencers से जुड़ें और launch के बाद reviews और feedback इकट्ठा करके remarketing चलाएं। हर stage के लिए पहले से KPIs तय करें।

76. आपका Google Ads campaign पैसा खर्च कर रहा है पर sales नहीं आ रही, तब क्या करेंगे?

  • Search terms report देखें और बेकार keywords को negative keywords में डालें
  • Ad copy और landing page का मेल जांचें
  • Landing page की speed, mobile experience और CTA सुधारें
  • Conversion tracking सही लगी है या नहीं, यह जरूर जांचें
  • Audience और bid strategy में बदलाव करके A/B test चलाएं

77. सोशल मीडिया पर किसी brand के खिलाफ negative comments आने लगें तो क्या करेंगे?

घबराकर comments delete न करें (जब तक वे abusive या spam न हों)। जल्दी, शांत और सच्चे तरीके से जवाब दें, समस्या को स्वीकार करें और उसे हल करने का रास्ता बताएं, जरूरत हो तो बातचीत को private (DM) में ले जाएं। फिर देखें कि समस्या की जड़ क्या है और उसे ठीक करें।


10. Interview में जवाब देने की Tips

  • Definition के साथ example दें: सिर्फ रटी हुई परिभाषा के बजाय एक छोटा सा असली उदाहरण दें
  • अपना अनुभव जोड़ें: अगर आपने कोई blog, page या छोटा campaign चलाया है तो उसके आंकड़े और सीख बताएं
  • Tools के नाम जानें: Google Analytics, Search Console, Google Ads, Ahrefs/SEMrush, Canva, Mailchimp जैसे tools का बेसिक अनुभव रखें
  • नई चीजों से अपडेट रहें: AI Overview, GEO और GA4 जैसे नए topics पर बात कर पाएं
  • पता न हो तो ईमानदारी से कहें: “मुझे इसकी पूरी जानकारी नहीं है, पर मैं इसे इस तरह सीखूंगा” कहना गलत जवाब देने से बेहतर है

उम्मीद है यह Digital Marketing Interview Questions की list आपकी तैयारी में काम आएगी। अगर आपको लगता है कि कोई जरूरी सवाल छूट गया है तो comment में जरूर बताइए।

आगे पढ़ें:

Vivek Vaishnav
Vivek Vaishnav

नमस्कार, मैं विवेक, WebInHindi का founder हूँ। इस ब्लॉग से आप वेब डिजाईन, वेब डेवलपमेंट, Blogging से जुड़े जानकारियां और tutorials प्राप्त कर सकते हैं। अगर आपको हमारा यह ब्लॉग पसंद आये तो आप हमें social media पर follow कर हमारा सहयोग कर सकते हैं|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *